नयी दिल्ली 27 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यहां सुंदर नर्सरी में आयोजित भव्य सूफी संगीत महोत्सव, जहान-ए-खुसरो 2025 में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार श्री मोदी देश की विविध कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रबल समर्थक रहे हैं। इसी के तहत वे जहान-ए-खुसरो में भाग लेंगे जो सूफी संगीत, कविता और नृत्य को समर्पित एक अंतरराष्ट्रीय महोत्सव है। यह अमीर खुसरो की विरासत का जश्न मनाने के लिए दुनिया भर के कलाकारों को एक साथ ला रहा है। रूमी फाउंडेशन द्वारा आयोजित, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और कलाकार मुजफ्फर अली द्वारा 2001 में शुरू किया गए इस महोत्सव की इस वर्ष 25 वीं वर्षगांठ शुक्रवार से 2 मार्च तक मनायी जायेगी।
महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री टीईएच बाजार (टीईएच- हस्तनिर्मित वस्तुओं की खोज) का भी दौरा करेंगे, जिसमें एक जिला-एक उत्पाद शिल्प और देश भर से विभिन्न उत्कृष्ट कलाकृतियां, हस्तशिल्प और हथकरघा पर लघु फिल्में आदि प्रदर्शित की जाएंगी।
