लखनऊ, 30 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में 42वीं सब जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर, 43वीं सीनियर क्योरगी एवं 10वीं पूमसे उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन शुक्रवार से लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में शुरू होगा। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पहली बार वर्चुअल ताइक्वांडो स्पर्धा का भी आयोजन किया जाएगा, जो प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण होगी। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ और सचिव राजकुमार ने गुरुवार को बताया कि 31 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में मेजबान लखनऊ सहित प्रदेश के 61 जिलों के 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।
गुरुवार को विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों का वजन कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी क्योरगी (फाइट) और पूमसे (फॉर्म) स्पर्धाओं में कुल 194 स्वर्ण, 194 रजत और 388 कांस्य पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। क्योरगी स्पर्धा में बालक एवं बालिका वर्ग के सब जूनियर में 14-14, कैडेट में 10-10, जूनियर में 10-10 तथा सीनियर में 8-8 भार वर्गों में मुकाबले होंगे। वहीं पूमसे की 65 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष पहली बार वर्चुअल ताइक्वांडो स्पर्धा को भी शामिल किया गया है। इसमें क्योरगी के दो भार वर्गों में पदक मुकाबले होंगे। हालांकि इन पदकों को आधिकारिक पदक तालिका में शामिल नहीं किया जाएगा।
के अनुसार वर्चुअल ताइक्वांडो में खिलाड़ी बिना शारीरिक संपर्क के वीआर (वर्चुअल रियलिटी) हेडसेट और मोशन सेंसर की सहायता से मुकाबला करेंगे। यह तकनीक आधारित प्रतियोगिता खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए नया अनुभव होगी। mचैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता अपने-अपने आयु वर्ग की आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

