धोखाधड़ी कर करोड़ों हड़पने वाला कॉलोनाइजर आखिरकार धराया

इंदौर: शहर में फर्जी तरीके से भूखंड बेचकर करोड़ों की ठगी करने वाले कॉलोनाइजर को एरोड्रम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी बीते एक साल से फरार चल रहा था और पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था. तकनीकी सूचना और सतत निगरानी के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि थाना एरोड्रम क्षेत्र के निरंजन नगर स्थित तनिष्क डेवलपर्स प्रा.लि. के संचालक सोहन लोहिया और राजेश लोहिया ने कॉलोनी का नक्शा पास कराए बिना ही करीब 18 लोगों को भूखंड बेच दिए.

दोनों ने खरीदारों से लाखों रुपए लेकर कब्जा भी दे दिया. कॉलोनी के डेवलपमेंट के नाम पर आवेदक प्रशांत शेखर दर्री से करीब 1.50 करोड़ की राशि ली गई, लेकिन विकास कार्य शुरू करने से पहले ही आरोपी फरार हो गए. पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सोहन लोहिया फरारी के दौरान उज्जैन में प्रॉपर्टी का काम कर रहा था और उसके पास ऑडी कार नम्बर एमपी 09 डब्ल्यूएम है.

तकनीकी निगरानी और फास्टैग डिटेल के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी भोपाल की ओर जा रहा है. इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक तरुण सिंह भाटी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने भोपाल पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रायसेन रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से पूछताछ जारी है. वहीं, पुलिस अब फरार दूसरे आरोपी राजेश लोहिया की तलाश में जुटी है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ठगी से जुड़ी और जानकारियां सामने आएंगी.

Next Post

महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा नई एजेंसी को मिलेगा

Sat Oct 18 , 2025
उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन होने जा रहा है. लगातार विवादों में रही क्रिस्टल कंपनी की जगह अब नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने दो वर्षों (2025-26 और 2026-27) के लिए 20 करोड़ रुपए का ई-टेंडर जारी किया […]

You May Like