
भोपाल। राजधानी के बाजपेई नगर मल्टी में 21 वर्षीय युवक ने चार मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 27 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे घटी।
मृतक महेश उर्फ पच्चीस अपने दोस्तों के साथ वाज़पेयी नगर मल्टी में देर रात तक सीढ़ियों पर बैठ कर मोबाइल चला रहा था । उसी दौरान किसी का फोन आया और वो किसी से फोन पर बात कर रहा था। अचानक बातचीत के दौरान वह गुस्से में आ गया और उसने अपना मोबाइल फोन ज़मीन पर फेंक दिया। इसके तुरंत बाद वह घर की सीढ़ियों की ओर भागा और तीसरी मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी।
महेश के दोस्तों ने बताया कि कूदने के प्रयास में वह बालकनी से लटक गया था। नीचे खड़े कुछ युवकों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन जब वह गिरा तो बिजली के तार में उलझ गया, जिससे उसे पकड़ने के प्रयास विफल रहे। कुछ अन्य दोस्त ऊपर से उसे खींचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी कोशिशें भी नाकाम रहीं।
घायल अवस्था में महेश को तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी गुरुवार रात मौत हो गई।
महेश के दोस्तों का कहना है कि वो एक लड़की से प्यार करता था घटना के कुछ दिन पहले लड़की की मां से उसका विवाद हुआ था जिसके बाद से वो परेशान चल रहा था। घटना वाले दिन महेश नशे में था और फोन पर किसी से बात कर रहा था।
शाहजहाँनाबाद थाना प्रभारी यू.पी.एस. चौहान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना चार दिन पहले हुई थी और युवक चार मंजिला बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरा था। उन्होंने कहा कि युवक कैसे गिरा, और इसके पीछे क्या कारण थे, इसकी अभी जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कर कर आज शुक्रवार को परिवार वालों को सौंप दिया है।
