
देवास। टोंककला स्थित पटाखा फैक्टरी विस्फोट कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्टरी के कथित असली संचालक एवं वेयरहाउस किराये पर लेकर विस्फोटक सामग्री रखने वाले मुकेश विज निवासी जनकपुरी, नई दिल्ली के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर लिया है। हादसे के तीसरे दिन पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें दिल्ली सहित अन्य स्थानों के लिए रवाना की हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मुकेश विज की भूमिका सामने आई थी। जांच में पता चला कि जिस वेयरहाउस में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, उसका अनुबंध वेयरहाउस संचालक अजय राजपूत से मुकेश विज ने ही कराया था। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसे भी आरोपी बना लिया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने बताया कि मामले में मुकेश विज की संलिप्तता पाए जाने के बाद उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुकेश विज मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रहकर कई पटाखा फैक्ट्रियों का संचालन करता है। यह भी जानकारी सामने आई है कि उसकी हिमाचल प्रदेश और झांसी में भी पटाखा फैक्ट्रियां संचालित हैं। साथ ही कई प्रभावशाली लोगों से उसके संपर्क होने की चर्चा भी सामने आ रही है।
गौरतलब है कि टोंककला स्थित पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट के बाद से प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और फैक्टरी संचालन, लाइसेंस तथा वेयरहाउस उपयोग को लेकर भी जांच जारी है।
