सेलांगोर (मलेशिया), 30 जुलाई (वार्ता) भारतीय गोल्फ संघ (आईजीयू) द्वारा भेजी गई दो सदस्यीय भारतीय टीम की सदस्य सीरत कंग और गुंतास कौर संधू ने प्रतिष्ठित मलेशियन लेडीज़ एमेच्योर ओपन में अपना अभियान संयुक्त छठे स्थान पर समाप्त किया। उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत ने गुरुवार को संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में 11 देशों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में चीन, हांगकांग, चीनी ताइपे, मलेशिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड, ब्रुनेई, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस और सिंगापुर सहित 11 देशों के कुल 54 गोल्फरों ने हिस्सा लिया।
चंडीगढ़ की गुंतास कौर संधू ने अंतिम दौर में तीन-ओवर 75 का कार्ड खेला और अपनी हमवतन सीरत कंग के साथ संयुक्त छठा स्थान हासिल किया। सीरत ने अंतिम दौर में पांच-ओवर 77 का कार्ड खेला। दोनों भारतीय खिलाड़ियों का कुल स्कोर 54 होल के बाद छह-ओवर 222 रहा। मेज़बान मलेशिया की फूंग ज़ी यू ने अपनी हमवतन एम्बरली ज़ायरा बिन्ती ज़ामरा को काउंटबैक के आधार पर पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों का कुल स्कोर 54 होल के बाद एक-अंडर 215 रहा।
15 वर्षीय गुंतास ने तीसरे और अंतिम दौर की शुरुआत पहले ही होल पर बर्डी के साथ की, लेकिन लगातार छह पार के बाद उन्हें एक बोगी का सामना करना पड़ा। अंतिम नौ होल में उन्होंने एक बर्डी लगाई, जबकि दो बोगी और एक डबल बोगी के कारण उनका स्कोर प्रभावित हुआ और वह संयुक्त छठे स्थान पर रहीं।
वहीं 19 वर्षीय सीरत की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्होंने पहले ही होल पर डबल बोगी कर दी, लेकिन अगले ही होल पर बर्डी लगाकर इसकी भरपाई की। हालांकि पहले नौ होल के मध्य चरण में सातवें और नौवें होल पर स्ट्रोक गंवाने के कारण उन्होंने फ्रंट नाइन का समापन 38 के स्कोर के साथ किया। बैक नाइन में उन्होंने एक बोगी और एक डबल बोगी की, जिससे उनका अभियान संयुक्त छठे स्थान के साथ समाप्त हुआ।

