अलवर, 18 जनवरी (वार्ता) राजस्थान में अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में जयपुर सड़क मार्ग पर नटनी का बारा के पास रविवार को पुलिस की गाड़ी से टक्कर से एक जुगाड़ गाड़ी पलट गई इससे एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जुगाड़ गाड़ी में सवार करीब 20 लोग नटनी का बारा एवं आसपास के इलाकों से भर्तृहरि धाम में आयोजित डीएनटी समाज के महासंगम में शामिल होने जा रहे थे। मध्याह्न करीब 12 बजे जुगाड़ को एक पुलिस की गाड़ी से बचने के प्रयास में जुगाड़ बेकाबू होकर सड़क किनारे उतरकर पलट गया। इससे 65 साल के बुजुर्ग लक्ष्मण सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि 15 लोग घायल हो गये। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें अमर सिंह, मोती लाल, सीताराम और आनन्दीलाल को गंभीर चोट लगने पर जिला अस्पताल भेजा गया है।
इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया, जिससे अलवर-थानागाजी होते हुए जयपुर मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। अलवर से रीट की परीक्षा देकर जा रहे अभ्यर्थी भी जाम में फंस गए।
