अरविंद कुमार कपिल
भोपाल: साइबर ठगी के शातिर अपराधियों ने लोगों को ठगने का नया तरीका ईजाद किया है। अब ये ठग पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को फोन कर रहे हैं और उन्हें हाउस अरेस्ट की धमकी देकर पैसे ऐंठ रहे हैं। भोपाल पुलिस ने इस बढ़ते खतरे को लेकर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है, जिसके बाद भी सायबर ठगी के मामले रुक नही रहै हैं।
ठग ऑडियो या वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क करते हैं। वे खुद को पुलिस अधिकारी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या कस्टम विभाग का अधिकारी बताते हैं। पीड़ितों को किसी अपराध में शामिल होने या उनके खिलाफ मामला दर्ज होने का डर दिखाते है। इसके बाद, उन्हें यह कहकर डराया जाता है कि उनके ही घर में हाउस अरेस्ट कर दिया जाएगा, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाएंगे.
ठगी का तरीका मानसिक दबाव में ला देता है। ठग बताते हैं कि उनके नाम पर कोई संदिग्ध पार्सल आया है जिसमें ड्रग्स या गैरकानूनी सामान है, या उनके बैंक खाते सीज कर दिए जाएंगे। डर के मारे जब लोग घबरा जाते हैं, तो ठग उनसे इस “समस्या” को हल करने के लिए पैसों की मांग करते हैं। कुछ मामलों में, वे पीड़ितों को अपने बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए भी मजबूर करते हैं.
भोपाल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी अनजान कॉल का जवाब न दें जो पुलिस अधिकारी होने का दावा करे और पैसों की मांग करे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी सरकारी एजेंसी इस तरह से फोन पर व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी नहीं मांगती है.
बाक्स
साइबर ठगी से कैसे बचे
* किसी भी अज्ञात नंबर से आने वाली कॉल, खासकर पुलिस अधिकारी होने का दावा करने वालों की, अनदेखी करें।
* किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी या वित्तीय जानकारी न दें।
* यदि आपको कोई संदिग्ध कॉल आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
* साइबर अपराधों के बारे में जानकारी प्राप्त करें और जागरूक रहें।
* अपने बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट की नियमित रूप से जांच करें।
* मज़बूत पासवर्ड का उपयोग करें और उन्हें नियमित रूप से बदलें।
* अपने उपकरणों पर एंटीवायरस सॉफ़्टवेयर स्थापित करें और उसे अपडेट रखें।
* सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
इनका कहना है
इतनी जागरूकता के बाद भी डिजिटल अरेस्टिंग के मामले सामने आ रहे हैं। इसलिए, जब भी किसी के पास अनजान नंबर से कॉल आए और पुलिस अधिकारी बनकर बात करे, तो तुरंत कॉल काट देना चाहिए और अपने नजदीकी थाने की पुलिस या किसी भरोसेमंद दोस्त या रिश्तेदार से संपर्क करना चाहिए। कोई भी पुलिस वाला वॉट्सएप या स्काईप पर कॉल नहीं करता है। इसके अतिरिक्त, पाकिस्तान या अन्य देशों से आने वाले वीडियो कॉल को उनके नंबर को देखकर ही उठाना चाहिए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और लोगों को सुरक्षित रहने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है.
अखिल पटेल, डीसीपी साइबर क्राइम
