गुना: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार को गुना पहुँचे और बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधी बातचीत कर राहत कार्यों की समीक्षा की। सिंधिया ने बताया कि अब तक लगभग 7 हजार प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि दी जा चुकी है।
उन्होंने देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुना सहित तीन जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और मंत्रीगण से चर्चा कर नदियों-बांधों के जलस्तर और राहत कार्यों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले ही 28 हजार से अधिक प्रभावितों के लिए 30 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर चुके हैं। सिंधिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर पीड़ित तक मदद पहुँचाएंगी।
दौरे के दौरान शिव कॉलोनी में एक वृद्ध महिला ने अपनी 2230 रुपये की पेंशन समाज और नदी सफाई के लिए उन्हें सौंप दी। इस निस्वार्थ त्याग को देख सिंधिया भावुक हो उठे और महिला को गले लगाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास और सहयोग ही उनकी असली शक्ति है।इधर मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा हुई है। गुना में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ, हालांकि प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल की तत्परता से अनेक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।
