
जावद। नगर के नाहरसिंह माता-धनेरिया रोड स्थित नगर परिषद द्वारा संचालित कबीर मठ गौशाला में कथित अव्यवस्थाओं, विभिन्न समस्याओं और लगातार गौमाता की मौत के मामलों को लेकर मंगलवार को साधु-संतों एवं गौभक्तों ने मौन रैली निकालकर विरोध जताया। खेड़ापति बालाजी मंदिर एवं रानीखेड़ा मठ के महंतश्री हरिओम गिरीजी महाराज के सानिध्य तथा गौभक्त सुधीर सेन के नेतृत्व में रैली निकाली गई।
मौन रैली अठाना दरवाजा स्थित श्री वीर बालाजी मंदिर से प्रारंभ हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची। यहां साधु-संतों एवं गौभक्तों ने सडक़ पर बैठकर धरना दिया और गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जावद तहसीलदार बीके मकवाना को लिखित ज्ञापन सौंपा। वहीं, नीमच रोड स्थित जनसुनवाई में पहुंचकर एसडीएम संजीव साहू को भी ज्ञापन दिया गया।
7 दिन में व्यवस्थाएं सुधारने का अल्टीमेटम
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कबीर मठ गौशाला में व्याप्त अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर किया जाए तथा गौमाता की उचित देखभाल, चारा-पानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साधु-संतों एवं गौभक्तों ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में यदि गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो साधु-संत सडक़ पर उतरकर धरना प्रदर्शन, चक्काजाम सहित आंदोलनात्मक कदम उठाएंगे। इसकी पूरी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही गई।
बड़ी संख्या में साधु-संत और गौभक्त रहे मौजूद
मौन रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में महंतश्री हरिओम गिरीजी महाराज, श्री समर्थ हनुमान मंदिर के पुजारी संजय पुरीजी महाराज, लालपुरीजी महाराज काशी, रोहित पुरीजी संन्यासी महाराज, महंत राजेश्वर पुरीजी महाराज कालापीपल, निरंजन गिरीजी महाराज मोहिनी बाबा आश्रम निंबाहेड़ा, शंख पुरीजी महाराज कालापीपल, भरत पुरी महाराज द्वारका, सोमित्र गिरी महाराज बनारस सहित अनेक साधु-संत मौजूद रहे।
इसके अलावा किसान नेता राजकुमार अहीर, श्री खाटू श्याम सेना ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष नारायण सोमानी, गौभक्त प्रकाश सेन, अंकित जोशी, शोकिन पटेल, सुधीर सेन, घनश्याम धाकड़, अनिल पाटीदार, गोविंद धाकड़, जगदीश अक्षय धाकड़, जस्सु शर्मा, अक्षय माली, नितिश धाकड़, विकास बैरागी, टिकमसिंह चंद्रावत सहित बड़ी संख्या में गौभक्त एवं नागरिक उपस्थित रहे।
ज्ञापन का वाचन संजयपुरी महाराज ने किया, जबकि आभार प्रकाश सेन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान साधु-संतों एवं गौभक्तों ने प्रशासन से गौशाला की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार की मांग की।
