![]()
दरभंगा, मुंबई की सांताक्रूज पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री और ‘बिग बॉस 2016’ की सेकंड रनर-अप लोपामुद्रा राउत के घर में हुई 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की चोरी के मामले में बिहार के दरभंगा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दरभंगा जिले के सोनकी थाना क्षेत्र के गोठ मिट्टी गांव से 26 वर्षीय चंदन मुखिया को हिरासत में लिया। उसके पास से करीब 51 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। इसमें एक लग्जरी घड़ी, सोने के दो बिस्कुट और नकद शामिल हैं।
*वेंटिलेटर और बांस की लाठी से घुसा घर में*
पुलिस के अनुसार जुलाई में चंदन मुखिया ने रेकी कर यह पता किया कि राउत का सांताक्रूज वाला घर बंद है। इसके बाद वह वेंटिलेटर के रास्ते घर में घुसा। पांचवीं मंजिल की बालकनी तक पहुंचने के लिए उसने बांस की लाठी का इस्तेमाल किया। दरवाजा तोड़कर वह बेडरूम में घुसा और कीमती सामान लेकर उसी दिन ट्रेन से बिहार लौट गया।
सांताक्रूज पुलिस ने टेक्निकल इंटेलिजेंस और लोकेशन डिटेल के आधार पर आरोपी का पता लगाया। मुंबई पुलिस की टीम दरभंगा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
*चोरी के पैसों से खरीदी जमीन*
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के पैसों से अपनी बहन के नाम पर दो कट्ठा जमीन खरीदी है। पुलिस ने इस संबंध में सोनकी थाना क्षेत्र के देकुली बाजार के एक हार्डवेयर व्यवसायी कैलाश साह और एक ज्वेलर्स से भी पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है। सांताक्रूज पुलिस का कहना है कि अभी पूरी रकम और बाकी सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी में और कोई शामिल था या नहीं।
दरभंगा के प्रभारी सदर एसडीपीओ एसके सुमन ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम दरभंगा आई थी और सोनकी थाना की मदद से कार्रवाई की गई। बरामद सामान मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है।
