सिंगरौली: थाना बरगवां क्षेत्र के पिडरवाह चितरवई जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में स्पष्ट हुआ कि मृतिका साहिरा खातून की हत्या उसके ही पति जहरूद्दीन अंसारी उम्र 32 वर्ष निवासी चिनगी टोला ने की थी। यह पूरी कार्रवाई एसडीओपी सिंगरौली गौरव पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।बरगवां थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार यह घटना 13 मार्च की है, जबकि 17 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि पिडरवाह जंगल में 6-7 दिन पुराना एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। शव के पास मिले झोले, कपड़े और जिला अस्पताल बैढ़न की ओपीडी पर्ची के आधार पर मृतिका की पहचान की गई। शव अधिक सड़ चुका होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए एसजीएमएच रीवा भेजा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मिले साक्ष्यों के साथ-साथ परिजनों के बयान लिए। इसमें यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने करीब दो वर्ष पहले दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद पहली पत्नी के साथ उसका विवाद बढ़ता गया। आरोपी ने मृतिका को बैढ़न के माजन मोड़ में किराये के मकान में रखा था, लेकिन वह लगातार साथ रहने का दबाव बना रही थी। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मो. समीर, सहायक उपनिरीक्षक वीरेन्द्र त्रिपाठी, श्याम बिहारी द्विवेदी, प्रआर सुनील सिंह, विपिन तोमर, नंदकिशोर बागरी, फूल सिंह, आर अरविंद यादव, चंद्रकेश यादव एवं अरूणेन्द्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सराहना की जा रही है।
पत्नी का गला दबाकर किया था हत्या
एसडीओपी गौरव पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने सीसीटीव्ही फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। हिरासत में लेकर पूछतांछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने 13 मार्च को अपनी पत्नी को मोटरसाइकिल से जंगल ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए उसका मोबाइल काचन डैम गदसा नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतिका का मोबाइल, दुपट्टा, नमकीन पैकेट और पानी की बोतल बरामद की है। आरोपी को आज दिन शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
