
सागर। सागर संभाग क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) द्वारा बम्होरी रेंगुवां स्थित एसडीसीए ग्राउंड पर महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ के सम्मान में आयोजित वमम समारोह में रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अक्षत रघुवंशी एवं दलीप ट्रॉफी खिलाड़ी आर्यन पांडे को भी सम्मानित किया गया। क्रांति गौड़ सहित सम्मानित खिलाड़ियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।एसडीसीए अध्यक्ष एवं नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती, उसे केवल सही दिशा, अवसर और निरंतर प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।विधायक श्री लारिया ने कहा कि एसडीसीए केवल क्रिकेट खेलने का मैदान नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने की एक सशक्त संस्था है। यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं सागर की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई दे रही हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि मैदान पर पसीना बहाने वाला युवा ही भविष्य में देश का गौरव बनता है। क्रांति गौड़ ने कहा कि बड़े मंच तक पहुंचने की राह आसान नहीं होती, लेकिन निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से हर चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सागर से मिली क्रिकेट की शुरुआती सीख ने उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और नेतृत्व का विद्यालय है। क्रांति जैसी प्रतिभाएं नई पीढ़ी को यह विश्वास देती हैं कि छोटे शहरों और कस्बों से निकलकर भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाई जा सकती है।विशेष अतिथि सुनील भाई पटेल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, राजीव बिल्थरे और प्रवीण लोकरस तथा प्रो. के.एस. पित्रे ने भी अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम में मयंक गौड़, एसडीसीए अध्यक्ष रघुनंदन त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रमन दुबे, कोषाध्यक्ष डॉ.नईम खान, संयुक्त सचिव राजेश साहू, डॉ. मोनिका हार्डिकर, सदस्य संजय दुबे, रेहान तारिक, सचेन्द्र भट्ट, शर्मीला डाबर, उप संचालक खेल एवं युवा कल्याण, डॉ. सुमन पटेल, सहायक संचालक, डॉ.हरि सिंह गौर, संगीता भदोरिया, उमेश मौर्य, सुरेंद्र सिंह, रोहित वैद्य, दीपांशु मौर्य, मौजूद रहे।आभार प्रदर्शन एसडीसीए सचिव विनय शुक्ला ने किया तथा संचालन एम.डी. त्रिपाठी ने किया।