सीहोर के इछावर में डूबने से तीन बच्चों की मौत

सीहोर। जिले के इछावर थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ वार्ड नंबर 12 के रहने वाले तीन मासूम बच्चों की मोगरा रोड पर बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​मृतक बच्चों की जानकारी

​प्रशांत (उम्र 12 वर्ष), पिता: शुभाल

​पृथ्वीराज (उम्र 10 वर्ष), पिता: शुभाल, ​दीक्षांत (उम्र 11 वर्ष), पिता: अखिलेश

​तीनों बच्चे खेलते-खेलते मोगरा रोड की ओर चले गए थे, जहाँ हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में काफी पानी भर गया था। नहाने या खेलने के दौरान बच्चे पानी के गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए। जब तक आसपास के लोगों को भनक लगी और उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक देर हो चुकी थी।

​एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि इछावर के वार्ड नंबर 12 में मोगरा रोड पर स्थित पानी से भरे गड्ढे में तीन बच्चों की डूबने की दुखद सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और गड्ढे के निर्माण व लापरवाही के सभी पहलुओं की वैधानिक जांच की जा रही है।

​प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों के दौरान छोड़े जाने वाले खुले और गहरे गड्ढों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि यदि समय रहते रोड किनारे बने इस गड्ढे को भरा गया होता या सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते, तो आज तीन मासूमों की जान न जाती।

Next Post

अमेरिका और दक्षिण कोरिया संयुक्त सैन्य अभ्यास की अवधि घटाने का फैसला: रिपोर्ट

Wed Aug 19 , 2026
सोल 19 अगस्त (वार्ता/स्पूतनिक) दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने जारी उल्ची फ्रीडम शील्ड (यूएफएस) संयुक्त सैन्य अभ्यास की अवधि 11 दिन से घटाकर पांच दिन करने का फैसला किया है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के हवाले से केबीएस प्रसारक ने बताया कि यह फैसला अमेरिकी पक्ष […]

You May Like