ग्वालियर: कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराज बाड़ा इलाके में कचरे के डब्बे के पास एक मृत नवजात शिशु मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मंगल सैन (30) निवासी हनुमान मंदिर, महाराज बाड़ा जो कचरा बीनने का काम करता है, ने थाने में आकर बताया कि वह एसबीआई बैंक, महाराज बाड़ा के बगल में लगे कचरे के डब्बे के पास कचरा बीनने गया था।
तभी डब्बे के नीचे उसे एक मृत नवजात शिशु पड़ा हुआ दिखाई दिया। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद इस मामले में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 91 बीएनएस के तहत कायम कर विवेचना में लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा, इसकी जांच की जा रही है।
