इंदौर: लसूडिया थाना क्षेत्र में स्कूटी को कट मारने का विरोध करना दो युवकों को भारी पड़ गया. बाइक सवार युवकों ने पहले सड़क पर विवाद किया और इसके बाद पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंच गए. यहां दोनों के साथ मारपीट की और नुकीली चीज से हमला कर घायल कर दिया. जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए.
श्रीनाथ टाउनशिप, ढाबली निवासी रेखा वर्मा ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनका बेटा मयंक और कार्तिक स्कूटी से जा रहे थे. इसी दौरान ढाबली निवासी विक्की और उसके साथी ने उनकी स्कूटी को कट मार दिया. मयंक ने वाहन देखकर चलाने की बात कही तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद के बाद विक्की और उसका साथी दोनों भाइयों का पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंच गए. यहां गाली गलौज करते हुए मयंक और कार्तिक के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपियों ने नुकीली चीज से हमला कर दिया. वार में मयंक के हाथ और कार्तिक के पैर में चोट आई, जबकि मारपीट के दौरान उनके कपड़े भी फट गए. घटना के बाद आरोपी दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले. शिकायत के आधार पर लसूडिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
