
जबलपुर। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जबलपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष जिले के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में कई स्थान हासिल किए। खास बात यह रही कि छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। दसवीं के परिणाम में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाईस्कूल की छात्रा श्रेया जैन ने 496 अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं सिहोरा के संदीपनी विष्णुदत्त हायर सेकंडरी स्कूल की रश्मि गडरी ने भी समान अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से चौथा स्थान प्राप्त किया और जिले का गौरव बढ़ाया।
पूर्वी और कृति विज्ञान गणित समूह में अव्वल
विज्ञान गणित समूह में सिहोरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की पूर्वी गोलहानी और पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाईस्कूल की कृति पांडे ने आठवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
12वीं के विभिन्न संकायों में मिली सफलता
बारहवीं की परीक्षा में भी जिले के विद्यार्थियों ने सभी संकायों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। कला समूह में अल्फिया अंजुम ने दसवां स्थान हासिल किया। वाणिज्य समूह में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाईस्कूल की कुमारी अनम अंसारी ने दसवां स्थान प्राप्त किया, जबकि जीव विज्ञान समूह में इसी विद्यालय के ओम चौक ने दसवां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
अन्य मेधावी छात्रों ने भी बनाई पहचान
हाईस्कूल की मेरिट सूची में शासकीय रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ा की शुभी सैनी ने छठवां स्थान प्राप्त किया। वहीं ब्रह्म ऋषि नर्मदा विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अभिषेक मिश्रा ने सातवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
