ग्वालियर: विवाह सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन और होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक मध्य/यातायात जेंडेन लिंगजर्पा ने जिला प्रशासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान, विजय भदौरिया और बड़ी संख्या में संचालक मौजूद रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक मैरिज गार्डन में कुल क्षेत्रफल का न्यूनतम 35 प्रतिशत स्थान पार्किंग के लिए आरक्षित रखना अनिवार्य होगा। जहां निर्धारित पार्किंग व्यवस्था नहीं होगी, वहां विवाह समारोह आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। मुख्य प्रवेश द्वार और पार्किंग के लिए अलग-अलग द्वार बनाने तथा पार्किंग स्थल दर्शाने वाले सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
संचालकों को कहा गया कि वाहनों की पार्किंग परिसर के अंदर ही कराई जाए। सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएं। पर्याप्त संख्या में गार्ड तैनात कर यातायात सुचारू रखा जाए। समारोहों के दौरान आमजन को असुविधा और रहवासियों को ध्वनि प्रदूषण की समस्या नहीं होनी चाहिए।समारोह में अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने, प्रदर्शन करने और हर्ष फायर करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
