

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेट्रो ट्रेन के परिचालन प्रारंभ होने के अवसर पर शनिवार की शाम सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन तक लगभग 7 किलोमीटर का सफर किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के भीतर यात्रियों से सीधे संवाद किया, उनके अनुभव सुने और सुविधाओं को लेकर प्रतिक्रिया ली। यात्रियों ने मेट्रो को सुरक्षित, सुलभ और समय बचाने वाला साधन बताया।
एम्स मेट्रो स्टेशन पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मेट्रो भोपाल के लिए शहरी परिवहन की बड़ी सौगात है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी और शहर की जीवनशैली बदलेगी। एम्स आने वाले रोगियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का अभिनंदन किया और कहा कि मध्यप्रदेश में शहरी विकास योजनाओं को केंद्र का निरंतर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने इंदौर मेट्रो से जुड़ी समस्याओं के समाधान और आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया। अंत में मुख्यमंत्री ने मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और इसे विकास की नई कहानी की शुरुआत बताया।
