इंदौर: स्कूली बच्चों को असुरक्षित तरीके से ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शनिवार को शहर में विशेष अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान आरटीओ की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चार वाहनों को जब्त किया, जबकि वाहन संचालकों से 23 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया.कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर संभागीय सड़क सुरक्षा दस्ता और आरटीओ इंदौर की टीम सुबह से ही स्कूल मार्गों पर सक्रिय रही.
टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को ले जाने वाले मारुति वैन, ऑटो रिक्शा और स्कूल वाहनों की जांच की. जांच के दौरान तीन मारुति ओमनी वैन और एक ऑटो रिक्शा में सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई. इनमें आवश्यक दस्तावेजों की कमी और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों को जब्त कर लिया गया. संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वालों पर नजर
परिवहन अधिकारियों के अनुसार स्कूल बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, बिना दस्तावेजों के वाहन चलाने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूल वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. आरटीओ की टीम ने स्कूल वाहन संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है. अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए शहर में समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे.
