
इंदौर: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. कार्रवाई के दौरान बाहरी राज्य से लाया गया करीब तीन लाख रुपये कीमत का 640 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया. साथ ही पांच प्रतिष्ठानों से कुल 21 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए.
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित एसडीए कम्पाउंड, देवास नाका क्षेत्र में मेसर्स कृष इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया. यहां गुजरात के पिपोदरा, मंगरोल (सूरत) स्थित श्री राधे डेयरी फार्म एंड फूड्स लिमिटेड द्वारा निर्मित वास्तु ब्रांड घी का स्टॉक मिला. घी के अलग-अलग पैक आकारों से 10 नमूने लिए गए. गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 640 लीटर घी को जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया. इसके अलावा नवलखा मेन रोड स्थित द मैजिक टी (येवले चाय) आउटलेट की जांच में येवले विदाउट शुगर प्रीमिक्स एक्सपायरी अवधि के बाद भी उपयोग के लिए रखा मिला.
विभाग ने पंचनामा तैयार कर एक्सपायर्ड प्रीमिक्स को मौके पर ही नष्ट कराया. प्रतिष्ठान से जिंजर टी, येवले विदाउट शुगर प्रीमिक्स और येवले आम पन्ना के नमूने भी लिए गए. अभियान के दौरान जावरा कम्पाउंड स्थित एफए गिफ्ट प्रा लि से मफिन वेनिला, चोको चिप्स और वेनिला प्रीमिक्स के नमूने, नैनोद स्थित साईं कृपा दूध डेयरी से मिश्रित दूध, पनीर और घी तथा नूरानी नगर, ग्राम बांक स्थित आशिक डेयरी फार्म से मिश्रित दूध और दही के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए. विभाग ने खाद्य कारोबारियों को एक्सपायर्ड सामग्री का उपयोग नहीं करने, खाद्य पदार्थों के सही भंडारण, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है.
