इंदौर: शहर में नशे के कारोबार और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग अलग थाना क्षेत्रों से 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चरस, गांजा, थिनर, भांग मनुखा, चाकू सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई. वहीं लालबाग क्षेत्र से लापता छह वर्षीय बालिका को तलाश कर उसकी मां के सुपुर्द किया.
डीसीपी क्राईम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जूनी इंदौर, अन्नपूर्णा, पंढरीनाथ और चंदन नगर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया. मुखबिर की सूचना और संदिग्धों की निगरानी के दौरान पुलिस ने अलग अलग स्थानों से 18 आरोपियों को पकड़ा. कार्रवाई में कई आरोपियों के पास से गांजा, चरस, थिनर, भांग मनुखा, चिलम, बटनदार व तड़तड़ी चाकू बरामद हुए, जबकि एक जिला बदर आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा.
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ और हथियार उन्हें कहां से उपलब्ध हुए तथा इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. इसी दौरान लालबाग क्षेत्र से गुम हुई छह वर्षीय बालिका असनूर को सकुशल तलाश कर उसकी मां तरसम के सुपुर्द किया
