
तेंदूखेड़ा/दमोह। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सैलवाड़ा में चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार शादी समारोह में गया था। पीड़ित साहब विश्वकर्मा ने बताया कि हम लोग तेंदूखेड़ा में रिश्तेदार अनिल विश्वकर्मा की बहन की शादी में गए थे। बुधवार को जब सेलवाड़ा वापस लौटे तो घर के खिड़की-दरवाजे टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे तीन लाख रुपए, हार, कंगन, मंगलसूत्र, सोने के कान के टॉप्स गायब थे। घटना की सूचना पर साहब विश्वकर्मा ने तत्काल थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने आवेदन दिया। आवेदन मिलने पर नवागत थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर एफएसएल टीम के साथ तेंदूखेड़ा पुलिस सैलवाड़ा पहुंची और जांच की। घर के दरवाजे-खिड़की टूटे मिले, जिन्हें चोरों ने ग्रिल काटकर तोड़ा था। अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच के दौरान दूसरी जगह रखी 58 हजार 540 रुपए की नगद राशि घर में ही मिल गई। शाम को पीड़ित ने पत्नी-बच्चों के साथ थाने में एफआईआर दर्ज कराई और बताया कि चोर तीन लाख नगद, चार सोने के कंगन, मंगलसूत्र सहित अन्य जेवरात चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
