एक्शन मोड में कलेक्टर नीतू माथुर: सोरवा में स्वास्थ्य केंद्र, टप्पा तहसील, खाद वितरण केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण, महादेव मंदिर में वर्षा की कामना की

आलीराजपुर, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने गुरुवार को सोरवा क्षेत्र का व्यापक दौरा कर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टप्पा तहसील कार्यालय एवं आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित खाद वितरण केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर जिले में अच्छी वर्षा एवं किसानों की समृद्धि की कामना की। भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों एवं बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्रीमती सविता राठी, नायब तहसीलदार सुश्री मंजू डावर, नायब तहसीलदार सुश्री सरिता बालेचा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुलदीप वास्केल, एएमओ डॉ. ज्योति पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सोरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता, महिला वार्ड, प्रयोगशाला एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने एक्सपायर्ड दवाइयों को हटाने, ORS सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला वार्ड में भर्ती प्रसूता से स्वास्थ्य की जानकारी लेकर पौष्टिक आहार एवं नवजात को केवल मां का दूध पिलाने की सलाह दी। उन्होंने प्रसव के दौरान मिली स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली तथा स्वास्थ्य केंद्र में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महादेव मंदिर में वर्षा की प्रार्थना, ग्रामीणों और बच्चों से किया आत्मीय संवाद

दौरे के दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सोरवा स्थित महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर जिले में शीघ्र एवं अच्छी वर्षा होने की प्रार्थना की, ताकि किसानों को समय पर बुआई का लाभ मिल सके। भ्रमण के दौरान उन्होंने मार्ग में महुआ के बीज निकाल रही एक बुजुर्ग महिला से बातचीत कर इस पारंपरिक कार्य की जानकारी ली और स्वयं भी महुआ के बीज निकालकर ग्रामीण जीवन को करीब से समझा। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें नियमित विद्यालय जाने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

टप्पा तहसील एवं खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण, पारदर्शी वितरण पर दिया जोर

कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सोरवा स्थित टप्पा तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित केंद्र पहुंचकर खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। वितरण रजिस्टर एवं स्टॉक का अवलोकन करते हुए उन्होंने किसानों को नियमानुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

Next Post

11,446 करोड़ के बैंक घोटाले में इंदौर की संपत्तियों पर ईडी का शिकंजा

Thu Jul 2 , 2026
इंदौर. देश के बहुचर्चित 11,446.73 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूषण स्टील लिमिटेड के पूर्व प्रमोटर नीरज सिंघल की पत्नी ऋतु सिंघल के नाम दर्ज 58.34 करोड़ रुपये की चल अचल संपत्तियां कुर्क कर दी हैं.   […]

You May Like