मुरैना: जिले में गुरुवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बागचीनी थाना क्षेत्र के सेठबारी इलाके में एक निजी स्कूल की बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार आधा दर्जन से अधिक मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अल्ट्रॉनियस स्कूल की बस रोजाना की तरह गलैथा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी।
जैसे ही बस बागचीनी चौखट्टा के पास सेठबारी इलाके में पहुँची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक सनमान ने बच्चों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन ट्रक की गति इतनी तेज थी कि ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी मिनी बस में फंसे बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस की 112 डायल ने घायल बच्चों और बस ड्राइव को जिला अस्पताल मुरैना लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने बस ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया वहीं घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
