
चित्रकूट/सतना। महाात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के रजत जयंती भवन स्थित अत्रि सभागार में कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा की अध्यक्षता में प्रबंध मंडल की 66वीं बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित हुई।
बैठक में सदस्यों ने विश्वविद्यालय को NAAC से ए डबल प्लस ग्रेड और यूजीसी द्वारा श्रेणी-प्रथम स्वायत्तता मिलने पर कुलगुरु सहित समस्त स्टाफ को बधाई दी। विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों की सराहना करते हुए सदस्यों ने समयानुकूल अंतरविषयी व ऑनलाइन नए पाठ्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया।
कुलगुरु द्वारा संस्थापक कुलाधिपति भारतरत्न नानाजी देशमुख की जयंती (11 अक्टूबर) को प्रतिवर्ष दीक्षांत समारोह आयोजित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए सदस्यों ने आगामी 11 अक्टूबर 2025 को होने वाले समारोह में शामिल होने की स्वीकृति दी।
बैठक में अकादमिक, प्रशासनिक, वित्तीय और भावी कार्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए और प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के प्रमुख सचिव नामिनी डॉ. आर.पी. सिंह, अतिरिक्त संचालक रीवा डॉ. यादवेंद्र प्रताप सिंह सहित कई सदस्य प्रत्यक्ष व ऑनलाइन जुड़े।
