जबलपुर: रांझी पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया इसके बाद बदमाशों को पुलिस वहां ले गई जहां वे बदमाशी करते हुए हफ्ता वसूली कर दहशतगर्दी फैला रहे थे। आरोपियों का जुलूस निकालने के बाद पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। टीआई उमेश कुमार गोल्हानी ने बताया कि संदीप सिंह ठाकुर निवासी पुराना शोभापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे स्कूल वेन चलाता है।
पनेहरा पेट्रोल पम्प के सामने उसका बेटा अभिषेक पान की दुकान संचालित करता है। 13 जनवरी की रात्री करीब 10:30 बजे प्रवीण रजक, सांटू यादव एवं अनिल सोनी तीनों उसके घर में घुस गए और कहने लगे कि स्कूल बेन एवं पान की दुकान मे बहुत पैसे कमा रहे हो हमें हर हफ्ते 2000 देना पड़ेगे। आज पार्टी करना है हमें अभी तत्काल 5000 रुपये दो, मना करने पर उसके साथ मारपीट की। बेटा अभिषेक सिंह एवं अभय ठाकुर आ गये तो तीन लोग भाग गए।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। आरोपित प्रवीण रजक पिता महेश रजक 26 वर्ष निवासी पुराना शोभापुर रांझी पर 26 एवं आकाश उर्फ शांटू यादव पिता शिव सिंह यादव 25 वर्ष निवासी पंचायती कुआं के पास गोकलपुर के खिलाफ 8 अपराध हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, आम्र्स एक्ट, आबकारी एक्ट के तहत दर्ज है। बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट करने में नागरिक डरते थे। जिसके चलते उनके खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की गई। आरोपी प्रवीण, आकाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर पुलिस क्षेत्र की जनता के बीच ले गई ताकि उनका डर खत्म हो सके। आरोपी कान पकडक़र नागरिकों से माफी मांगते नजर आए।
