
उज्जैन। तराना क्षेत्र के कनार्दी में शुक्रवार सुबह खेत पर फसल काटने जा रहे ग्रामीणों पर जंगली जानवर सियार ने हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। हमले से घायलों को तराना में प्रारंभिक उपचार दिया गया। एक बुजुर्ग महिला सहित उसके पुत्र एवं पुत्र वधू को उज्जैन जिला अस्पताल में उपचार दिया गया है। वन विभाग के डिप्टी रेंजर मदनलाल मौरे के अनुसार शुक्रवार सुबह का यह घटनाक्रम सामने आया है। कनार्दी गांव में नाला के पास घायल परिवार की जमीन है। उस पर लगी फसल को काटने के लिए ग्रामीण जा रहे थे। इसी दौरान नाले के नजदीक आकस्मिक रूप से जंगली जानवर ने ग्रामीणों पर हमला किया है। इस हमले में हरिनारायण पिता मगनीराम 55 वर्ष,अनुर्सूईया बाई पति हरिनारायण 51 वर्ष ,कलाबाई पति मगनीराम 72 वर्ष,गोवर्धन पिता हरिनारायण 35 वर्ष, कालू पिता बद्रीलाल, गोवर्धन पिता बापूजी एवं गंगाराम नामक ग्रामीण घायल हो गए। सभी घायलों को तराना अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया । उसके उपरांत हरिनारायण, अनुसूईयाबाई एवं कलाबाई को उज्जैन जिला अस्पताल रैफर किया गया था,जहां उन्हें उपचार दिया गया है। इन तीनों को जंगली जानवर के दांत लगे हैं। डिप्टी रेंजर मौरे के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में ग्रामीणों ने जंगली जानवर की पहचान सियार के रूप में की है। आसपास के क्षेत्र में वन विभाग के अमले ने जानवर की तलाश की है। तलाश जारी है एवं ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। जंगली जानवर की स्थिति को देखते हुए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
