इटारसी। अंततः हॉकी मध्य प्रदेश जबलपुर ने राजेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता वाले जिला हॉकी संघ को संबध्द इकाई (अधिकृत) घोषित कर दिया है।
हॉकी मध्य प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी लोक बहादुर के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि जिला हॉकी संघ नर्मदापुरम /होशंगाबाद हॉकी मध्य प्रदेश की एक सबंद्ध इकाई है, जिसमें निम्नलिखित पदाधिकारी हैं।
राजेंद्र सिंह तोमर- अध्यक्ष
साजिद मलिक- सचिव
सर्वजीतसिंह सैनी- कोषाध्यक्ष
हॉकी संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अब स्पष्ट है कि हॉकी नर्मदापुरम ही अधिकृत संघ है, यह हॉकी खिलाड़ियों की जीत है। श्री तोमर ने सभी वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों , हॉकी प्रेमियों और शुभचिंतकों को सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया, श्री तोमर ने बताया कि उनके द्वारा एमपी हॉकी इंडिया जूनियर मेन एवं वूमेन नेशनल चैंपियंस के लिए 9 एवं 10 एवं 12 एवं 13 जुलाई को ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों को अनुशंसा पत्र प्रदान कर दिए गए थे,
ताकि खिलाड़ियों को कोई असुविधा न हो।
हॉकी मैदान पर भी ताला..!
पिछले दिनों हॉकी संघ को लेकर चल रहे विवाद के बीच नपा ने गांधी स्टेडियम स्थित कार्यालय पर ताला डाल दिया था, पर सोमवार को जब हॉकी खिलाड़ी सुबह प्रैक्टिस के लिए मैदान पर पहुंचे तो वहां भी ताला लगा हुआ था।
संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि यह अभी तक पता नहीं चला है कि गांधी मैदान पर किसने ताला डाला है और खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने से रोका है। यह बहुत ही गलत है क्योंकि यदि यह नपा द्वारा किया गया है तो उसे इसका अधिकार नहीं है मैदान नपा की संपत्ति नहीं है,, यह खेल विभाग को हस्तांतरित हो चुका है।
संघ इस बात की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करेगा।
श्री तोमर ने कहा कि लोग संघ की लड़ाई को अपने अहम का मुद्दा न बनाए, और इस तरह की हरकतें कर खिलाड़ियों के भविष्य से खिलवाड़ न करें।
