एयर इंडिया ने एयर कनाडा के साथ दोबारा बहाल किया कोडशेयर समझौता

एयर इंडिया ने एयर कनाडा के साथ दोबारा बहाल किया कोडशेयर समझौता

नयी दिल्ली, 22 नवंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने कनाडा की एयरलाइंस एयर कनाडा के साथ कोडशेयर समझौता दोबारा बहाल किया है जिससे यात्रियों को दोनों देशों के बीच यात्रा के ज्यादा विकल्प मिल सकेंगे। एयर इंडिया ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह समझौता 02 दिसंबर से प्रभावी होगा। इससे उसके यात्री वैंकूवर और लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के जरिये कनाडा के छह शहरों तक एयर इंडिया की वेबसाइट से एआई कोड के साथ टिकट बुक करा सकेंगे। वैंकूवर के रास्ते एयर इंडिया के यात्री एयर कनाडा की उड़ान से कैलगरी, एडमॉन्टन, विनिपेग, मॉन्ट्रियल और हेलीफैक्स जा सकेंगे जबकि लंदन हीथ्रो के जरिये वैंकूवर और कैलगरी जाने के विकल्प उपलब्ध होंगे।

इसी प्रकार एयर कनाडा के ग्राहकों को दिल्ली के रास्ते अमृतसर, अहमदाबाद, मुंबई, हैदराबाद और कोच्चि तथा लंदन हीथ्रो के रास्ते दिल्ली और मुंबई जाने का विकल्प मिल सकेगा। एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा कि हर साल कनाडा और भारत के बीच 20 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। लोग अपने परिवार के मिलने के लिए, व्यापार के उद्देश्य से और पढ़ाई के लिए यात्रा करते हैं। एयर कनाडा के साथ समझौता दोबारा बहाल करने से इन लोगों को काफी आसानी होगी। कोडशेयर समझौते के कारण यात्रियों को कनेक्टिंग उड़ानों के लिए एक ही टिकट बुक करानी होगी। उन्हें संयुक्त बैगेज अलाएंस का भी लाभ मिलेगा। महाराजा क्लब के सदस्यों को एयर कनाडा की उड़ानों के लिए भी सभी लाभ मिलते रहेंगे। कोडशेयर उड़ानों पर बुकिंग सभी नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद शुरू होगी।

Next Post

14वीं राष्ट्रीय पैरा जूडो प्रतियोगिता 19 से 23 दिसम्बर तक श्रीगंगानगर में होगी

Sat Nov 22 , 2025
श्रीगंगानगर, 22 नवम्बर (वार्ता) राजस्थान के श्रीगंगानगर में 14 वीं राष्ट्रीय पैरा जूडो प्रतियोगिता 19 से 23 दिसम्बर तक आयोजित की जाएगी। राजस्थान ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव मालचंद योगी ने शनिवार को बताया कि प्रतियोगिता में 19 राज्यों के करीब 450 खिलाड़ी, कोच अधिकारी शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि […]

You May Like