जबलपुर: आगा चौक स्थित न्यू लाइफ मेडिसिटी में सेवाएं देने के साथ निजी क्लीनिक संचालित करने वाले डॉक्टरों की लापरवाही से सन 2020 में एक मरीज की मौत हुई थी। मामले में चली लंबी जांच पड़ताल के बाद डॉक्टरों की घोर लापरवाही उजागर हुई जिसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दोनों के निजी क्लीनिक का पंजीयन निरस्त कर दिया हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर डॉ संजय मिश्रा ने बताया कि आगा चौक स्थित न्यू लाइफ मेडिसिटी अस्पताल में डॉ राहुल अग्रवाल एवं डॉ आकाश जैन नौकरी करने के साथ चंद्रिका विहार अपार्टमेंट नेपियर टाउन में मोदी क्लिनिक और फिजियोथेरेपी केंद्र मदन महल गुरुद्वारे के पास, गुप्तेश्वर रोड साई सेवालय क्लिनिक संचालित करते थे। डॉ. राहुल अग्रवाल एवं डॉ. आकाश जैन द्वारा इलाज में बरती गई लापरवाही से मरीज प्रणव कुमार शुक्ला 42 वर्ष की मौत हो गई थी।
मामला सन् 2020 का है। मामले की शिकायत शालिग्राम शुक्ला द्वारा दर्ज कराई गई थी। आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा मेडिकल काउंसिल की एथिक्स कम डिसिप्लिनरी कमेटी द्वारा जांच कराई गई। शिकायत एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि डॉ राहुल अग्रवाल एवं डॉ आकाश जैन द्वारा संचालित समस्त क्लीनिकों का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
