इंदौर: दिवाली की रात शहर के पालदा इलाके में आपसी विवाद इतनी हिंसक घटना में बदल गया कि एक युवक की जान चली गई. करीब 10–12 बदमाशों ने अपने ही साथी पर चाकू से हमला किया. गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मृतक हमले के बाद उठता दिखाई देता है, लेकिन लड़खड़ाकर गिर जाता है.
आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेंद्र भदौरिया ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात करीब 1 बजे हुई. मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजा सोनकर, पिता सतीश सोनकर, निवासी पारसी मोहल्ला के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि मामले में वसीम और उसके साथियों के नाम सामने आए हैं. राजा अपने साथियों के साथ पालदा इलाके के एक निजी बस डिपो के पास गार्ड रूम के बाहर शराब पार्टी कर रहा था, तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट व चाकू से हमला हुआ.
राजा पहले से ही संयोगितागंज थाना क्षेत्र का लिस्टेड बदमाश था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे. कुछ समय पहले उसे शहर से बाहर जिलाबदर कर भोपाल भेजा था, जिसकी अवधि 10 नवंबर को समाप्त होनी थी. पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो राजा का एक भाई, एक बहन, पत्नी और एक बेटी है. उसके पिता का निधन हो चुका है. बताया जाता है कि बहन ने अपने ही चाचा के बेटे से शादी की थी, जिस पर राजा का उसके चाचा के बेटे से विवाद हुआ और उसकी दुकान में तोड़फोड़ भी की. दो दिन पहले वह अपने दोस्त के यहां वापस आया था और दिवाली मनाने के लिए पुलिस की नजर से बचकर वहीं रह रहा था. आजाद नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
