सिंगरौली:जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्सा में खेत में काम करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति के साथ लाठी-टांगी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत में दो लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी पक्ष द्वारा उनके परिजनों को धमकाया जा रहा है और यह कहा जा रहा है कि फिर मारेंगे
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अजीत कुमार साहू (18), पिता विश्वनाथ साहू, निवासी ग्राम कुर्सा चौकी कुदवार थाना जियावन ने अपने चचेरे भाई संजय साहू के साथ थाना पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 2 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे उसके पिता विश्वनाथ साहू (41) ग्राम कुर्सा में कालू साहू के घर के पास स्थित जमीन पर खेत का काम कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान राजेश साहू और बृजेन्द्र साहू मौके पर पहुंचे और जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने लाठी-टांगी से विश्वनाथ साहू के साथ मारपीट की। शोर सुनकर मथुरा साहू, राजेन्द्र साहू और अजीत मौके पर पहुंचे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान विश्वनाथ साहू के सिर पर टांगी से वार किया गया, जिससे खून निकलने वाली चोट आई। इसके अलावा दाहिनी हाथ में सूजन, बाएं हाथ की कोहनी के नीचे छिलने की चोट तथा सीने और पीठ में दर्द होने की बात भी बताई गई है। परिजन घायल विश्वनाथ साहू को निजी बोलेरो वाहन से देवसर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया गया।
परिजनों को धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद भी मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष के लोग उनके परिजनों को लगातार धमका रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार दोबारा मारपीट करने की धमकी दी जा रही है
उचित कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
