छात्रों की लड़ाई में उनके साथ खड़ा हूं : राहुल

नयी दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता तथा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शिक्षा के क्षेत्र में मनमानी कर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है, लेकिन छात्र इसके खिलाफ लड़ रहे हैं और वह छात्रों की इस लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं।

श्री गांधी ने सोमवार को यहां जंतर-मंतर पर इंडिया समूह के छात्र संगठन के संसद मार्च के दौरान आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा-आरएसएस के लोग आज शैक्षणिक संस्थानों पर कब्जा कर रहे हैं और इसी का परिणाम है कि देश के अधिकतर विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलर आरएसएस के लोग हैं और वे देश की शिक्षा व्यवसथा को बर्बाद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आरएसएस-भाजपा के लोग छात्रों के साथ भेदभाव कर रहे हैं और पेपरलीक जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पेपरलीक के खिलाफ बच्चे आवाज उठाते हैं, लेकिन उनकी मांगों को अनसुना किया जाता है। आरएसएस की विचारधारा के लोग जो चाहे कर रहे हैं। उनका कहना था कि इस समय शिक्षा के क्षेत्र में धांधली और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। ऐसे में छात्रों की जिम्मेदारी है कि वे हर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं और पूरी ताकत से अपनी लड़ें और वह उनके साथ खड़े हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “आज आरएसएस हिंदुस्तान के भविष्य और उसके शिक्षा प्रणाली को खत्म करने में लगा है। अगर हमारी शिक्षा व्यवस्था आरएसएस के हाथ में चली गई तो देश में किसी को रोजगार नहीं मिलेगा और देश बर्बाद हो जाएगा। आज हिंदुस्तान की यूनिवर्सिटीज में सारे वाइस चांसलर आरएसएस के चुने हुए हैं। वहीं आने वाले समय में स्टेट यूनिवर्सिटीज के वाइस चांसलर भी आरएसएस के चुने हुए लोग ही बनेंगे। ये देश के लिए खतरनाक है और हमें इसे रोकना है।”

उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुंभ मेले पर भाषण दिया। मैं वहां बोलना चाहता था कि कुंभ मेले पर बात करना बहुत अच्छा है, पर आपको भविष्य के बारे में भी बात करनी चाहिए, लेकिन श्री मोदी कभी भी बेरोजगारी और महंगाई पर एक शब्द नहीं बोलते हैं। भाजपा का मॉडल है- अडानी को देश का धन और आरएसएस को देश के सारे संस्थान सौंप देना। हम इसके खिलाफ एक हैं और साथ मिलकर लड़ेंगे।”

Next Post

सेना के डॉक्टरों ने पांच दिन में 350 से अधिक मोतियाबिंद सर्जरी की

Mon Mar 24 , 2025
नयी दिल्ली 24 मार्च (वार्ता) सेना के डॉक्टरों ने पांच दिन में 350 से अधिक मोतियाबिंद सर्जरी करने के साथ साथ 500 से अधिक उच्च मानक के चश्मे निशुल्क वितरित किये हैं। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि सेना ने 20 मार्च को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा स्थित 158 […]

You May Like