मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त लोकतंत्र के रूप में नयी ऊँचाइयाँ छू रहा : रेखा

नयी दिल्ली 17 सितंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट सहयोगियों कपिल मिश्रा, परवेश साहिब सिंह और आशीष सूद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी 75वीं वर्षगाठ पर बधाई दी।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा “विकसित भारत के पथप्रदर्शक, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की कोटि-कोटि शुभकामनाएँ। आपका जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना, अंत्योदय के संकल्प और आत्मनिर्भर भारत के विराट लक्ष्य की जीवंत अभिव्यक्ति है। आपने उन करोड़ों वंचित और उपेक्षित लोगों को आशा, सम्मान और अवसर दिया है, जो लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे।”
उन्होंने कहा, “आज भारत आपके नेतृत्व में विश्व की सबसे तीव्र गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था और सशक्त लोकतंत्र के रूप में नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है। आपके अथक परिश्रम, अद्वितीय नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन ने प्रत्येक भारतीय के आत्मविश्वास और आत्मगौरव को अभूतपूर्व शक्ति प्रदान की है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली भी आपके नेतृत्व से निरंतर लाभान्वित हुई है। आपकी दूरदर्शी नीतियों ने राष्ट्रीय राजधानी को नई ऊर्जा और विश्वास दिया है। ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और असीम ऊर्जा प्रदान करें, ताकि आपके मार्गदर्शन से हम सब मिलकर विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार कर सकें।”
श्री मिश्रा ने कहा, “दिल्ली के प्राचीन मरघट हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। हनुमान जी की कृपा से श्री मोदी का जीवन निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित रहे और वे भारत को विकास व गौरव की नई ऊँचाइयों तक ले जाते रहें यही प्रार्थना की।
श्री मोदी हम सबके लिए सिर्फ़ प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक हैं। उनका तप, त्याग और देशभक्ति हर भारतीय को राष्ट्रहित के लिए काम करने का संकल्प देता है।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री की लंबी आयु व उत्तम स्वास्थ्य के लिए हमने हनुमान जी से प्रार्थना की है। भारत मां के पुत्र के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे ही देश की सेवा करते रहें, प्रधानमंत्री का यशोगान इसी तरह जारी रहे।”
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, “गुरुद्वारा बंगला साहिब में मैंने श्री मोदी की लंबी उम्र की कामना की ताकि वे भारत की सेवा करते रहें। जब से वे प्रधानमंत्री बने हैं, भारत का नाम दुनिया भर में पहचाना गया है।”
श्री सूद ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम और अडिग साहस से भारत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनका हर भारतीय के प्रति गहरा समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता उन्हें केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के लिए प्रेरणा, आदर्श और आशा का उज्ज्वल प्रतीक बनाती है। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।”
श्री साहिब सिंह ने कहा, “माँ भारती के अनन्य सेवक, अपने जीवन का पल-पल और शरीर का कण-कण नि:स्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा में अर्पित करने वाले, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। श्री मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन को राष्ट्र के लिए समर्पित किया है। प्रधानसेवक के रूप में उनका नेतृत्व न सिर्फ देश में, बल्कि पूरी दुनिया में विश्वास का प्रतीक बन चुका है। त्याग, तपस्या, निरंतर परिश्रम और दूरदर्शी सोच के साथ उन्होंने करोड़ों भारतीयों के जीवन में बदलाव लाया है, और भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।”
उन्होंने कहा, “मोदी जी का संकल्प है- 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना। जहाँ हर नागरिक सशक्त हो, हर क्षेत्र आत्मनिर्भर हो, और भारत फिर से विश्वगुरु की भूमिका निभाए।”

Next Post

मोदी का जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग और तपस्या का अद्वितीय उदाहरण : विजेंद्र

Wed Sep 17 , 2025
नयी दिल्ली 17 सितंबर (वार्ता) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बुधवार को कहा कि उनका (श्री मोदी) जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग और तपस्या का अद्वितीय उदाहरण है। श्री विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “राष्ट्र निर्माण के हर आयाम में नयी […]

You May Like