जयपुर 02 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि चाहे केंद्र की मोदी सरकार हो या राज्य की भजनलाल सरकार ये मुद्दों पर बात नहीं करती।
श्री पायलट मंगलवार को यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शिरकत करने करने के अवसर पर मीडिया से रूबरू होते हुए यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इनका रवैया यही रहा है कि यह लोग मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। आज प्रदेश में बाढ़ के हालात हैं, जनजीवन अस्त-व्यस्त है, किसानों को भारी नुकसान हुआ है और भी कई मुद्दे हम चाहते हैं कि इन मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि जनता ने विधानसभा में चुनकर भेजा है तो जनता चाहती है कि उनके मुद्दों पर सदन में सार्थक चर्चा हो लेकिन यह सरकार उन मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती है।
उन्होंने कहा “भजनलाल सरकार ने अपने करीब दो साल के शासन में प्रदेश में कोई काम नहीं किया इसलिए हम सदन में सरकार को कटघरे में खड़ा करेंगे।” श्री पायलट ने कहा कि जिसने प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है उसका कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा “हम लोग ऐसी पार्टी में है जिसमें संस्कार, संयम और अनुशासन अनिवार्य है. हम ऐसे किसी भी शब्द का प्रयोग की भर्त्सना करते है, जिसने भी इन अपशब्दों का इस्तेमाल किया है. उसका हमारी पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। अगर किसी के मंच पर कोई चढ़ जाए और अपशब्द बोल दे तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन इस पर राजनीति भी नहीं होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि विकास के मुद्दे पर बात होनी चाहिए, पिछले कई सालों से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं और गठबंधन की सरकार चला रहे हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए. बेरोजगारी पर बात होनी चाहिए, अमेरिका के टैरिफ पर बात होनी चाहिए। श्री पायलट ने कहा कि अपशब्दों के मुद्दे पर सबकी एक राय है कि माता-पिता सबके हैं और सबके लिए सम्मानित हैं. भाजपा सरकार ।मुद्दों पर चर्चा नहीं चाहती है।
