भोपाल: मध्यप्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
मंत्री कृष्णा गौर ने प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनमें शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में तत्काल निर्णय संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और समयबद्ध निराकरण के लिए भेज दिया गया।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से उठाई गई सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा उनके निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
