वॉशिंगटन/तेहरान, 13 मार्च 2026 (वार्ता) अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि ईरान की फौजी ताकत अब खत्म हो गयी है और अमेरिका और इजराइल के समन्वित हवाई हमलों ने ईरान की सैन्य शक्ति को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की वायु सेनाओं ने अब तक ईरान के 15,000 से अधिक सामरिक ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की वायु सेना और नौसेना अब ‘सैन्य रूप से अप्रभावी’ हो चुकी है और उसकी मिसाइल क्षमता में 90 फीसदी की गिरावट आई है।
इससे पहले अमेरिकी सेना ने बताया कि इराक में वायु सेना का एक ‘फ्यूल रिफ्यूलिंग’ विमान (केसी-135) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दुखद हादसे में विमान में सवार चालक दल के सभी छह सदस्यों की मौत हो गई। इससे पहले ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने दावा किया था कि उसने इस विमान को मार गिराया है।
श्री हेगसेथ ने दावा किया है कि ईरान के नवनिर्वाचित नेता मोजतबा खामेनेई न केवल घायल हैं, बल्कि उनके चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी उनके जीवित होने की संभावना जताई है लेकिन साथ ही उनके “घायल” होने की बात दोहराई है। अमेरिका ने श्री खामेनेई के पहले लिखित संदेश की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए हैं।
इसके अलावा ईरान में लड़कियों के एक स्कूल पर हुए विनाशकारी हमले के बाद, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसकी जांच के लिए एक विशेष अधिकारी नियुक्त किया है। इस हमले में कई मासूम बच्चों की जान चली गई थी।
उधर राजधानी तेहरान में ‘अल कुद्स दिवस’ की विशाल रैली का आयोजन हुआ। यह रैली गाजा के निवासियों के समर्थन में निकाली जाती रही है। इस अवसर पर कई दूसरे शहरों में भी भारी भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। इजरायल ने इस रैली को निशाना बनाने की धमकी भी थी और बाद में उसने इस पर अमल भी किया जिससे एक महिला की मौत हो गयी।
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूसी तेल प्रतिबंधों में ढील देने के ट्रंप प्रशासन के फैसले की आलोचना की है। उन्हें डर है कि पुतिन ईरान युद्ध की आड़ में यूक्रेन के खिलाफ मोर्चा मजबूत कर सकते हैं। इसके अलावा श्री मर्ज ने कहा नॉर्वे में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “जर्मनी इस युद्ध का हिस्सा नहीं है और हम इसका हिस्सा बनना भी नहीं चाहते।”
डच पुलिस ने रॉटरडैम के यहूदी समुदाय के पूजाघर सिनेगॉग में आगजनी की कोशिश करने के आरोप में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यूरोप में बढ़ती यहूदी-विरोधी घटनाओं के बीच इसे एक गंभीर मामला माना जा रहा है।
होर्मुज संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में 100 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर पर बनी हुई हैं। अमेरिकी प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद आपूर्ति बाधित होने के डर से बाजार में नरमी नहीं देखी जा रही है।
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल की ओर बैलिस्टिक मिसाइलों का एक नया बेड़ा दागा है। इजरायली रक्षा बल ने पुष्टि की है कि उनके हवाई रक्षा तंत्र ने अधिकांश मिसाइलों को बीच में ही नष्ट कर दिया, हालांकि कुछ मिसाइलें खाली इलाकों में गिरी हैं, जिससे साइरन बजने के कारण लोगों को बंकरों में शरण लेनी पड़ी।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि उसने अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 12 ईरानी ड्रोनों को मार गिराया है। ईरान ने उन खाड़ी देशों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है जहाँ अमेरिकी सैन्य अड्डे स्थित हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा संकट गहरा गया है।
नाटो ने तुर्की के हवाई क्षेत्र में ईरान की ओर से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया है। यह पिछले पांच दिनों में तुर्की के पास होने वाली इस तरह की दूसरी घटना है। तुर्की के इनसर्लिक वायु सेना अड्डे पर तड़के खतरे के साइरन बजने से सैनिकों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया।
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ईरान द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ड्रोनों में रूसी तकनीक के साक्ष्य मिले हैं। ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने संकेत दिया है कि ईरान की युद्ध रणनीति के पीछे ‘बाहरी हाथ’ हो सकता है, जिसकी वर्तमान में तकनीकी जांच की जा रही है।
इजरायली रक्षा मंत्री ने घोषणा की है कि लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए गए हैं। इजरायली विमानों ने दक्षिणी लिटानी नदी पर बने एक महत्वपूर्ण पुल को नष्ट कर दिया है ताकि हथियारों की आपूर्ति को रोका जा सके।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 देशों के नेताओं के साथ एक वर्चुअल बैठक की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, श्री ट्रंप ने सहयोगियों को बताया कि ईरान “आत्मसमर्पण के करीब” है और अमेरिकी दबाव अभियान अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और हम सभी को खतरा पहुंचाने वाले कैंसर को हमनें खत्म कर दिया है।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सरकारी टीवी पर एक चेतावनी जारी की है कि यदि देश के भीतर कोई नया विरोध प्रदर्शन शुरू होता है, तो उसे कड़ाई से कुचल दिया जाएगा। गार्ड्स ने इसे “दुश्मन की मनोवैज्ञानिक युद्ध नीति” करार दिया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मध्य पूर्व के बिगड़ते हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल युद्धविराम की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यह संघर्ष विश्व अर्थव्यवस्था को अपूरणीय क्षति पहुँचा सकता है और इसे कूटनीतिक स्तर पर हल करने की तत्काल आवश्यकता है।
