इराक में अमेरिकी सैन्य विमान दुर्घटना पर विवाद, ईरान समर्थित मिलिशिया ने जिम्मेदारी ली,

बगदाद/वॉशिंगटन, 13 मार्च (वार्ता) इराक में अमेरिकी सैन्य केसी-135 स्ट्रैटोटैंकर रिफ्यूलिंग विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ईरान समर्थित मिलिशिया गठबंधन इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक (आईआरआई) ने दावा किया है कि उसने इस विमान को मार गिराया, जबकि अमेरिकी सेना ने इस दावे को खारिज कर दिया है।

यूएस सेंट्रल कमांड के अनुसार, गुरुवार को क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें चार क्रू सदस्यों की मौत हो गई। दो अन्य क्रू सदस्य अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

यूएस सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में यह संकेत नहीं मिला है कि विमान दुश्मन की गोलीबारी या फ्रेंडली फायर के कारण गिरा। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

अमेरिकी अधिकारियों ने सीबीएस न्यूज को बताया कि शुरुआती संकेत मिड-एयर टक्कर की संभावना की ओर इशारा कर रहे हैं, हालांकि वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

दूसरी ओर, मिलिशिया समूह आईआरआई ने ऑनलाइन बयान जारी कर कहा कि उसने पश्चिमी इराक में अमेरिकी विमान को “उचित हथियारों से निशाना बनाया” और उसी क्षेत्र में एक दूसरे केसी-135 विमान पर भी हमला किया।

अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की कि एक दूसरा टैंकर विमान क्षतिग्रस्त हुआ था, लेकिन वह सुरक्षित रूप से एयरफील्ड पर उतर गया। हालांकि यूएस सेंट्रल कमांड के आधिकारिक बयान में दूसरे विमान का उल्लेख नहीं किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ़्लाइटराडार 24 के आंकड़ों के अनुसार, एक केसी-135 टैंकर ने गुरुवार शाम तेल अवीव में उतरने से पहले आपातकालीन स्थिति घोषित की थी।

इस बीच पेंटागन में आयोजित ब्रीफिंग में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दुर्घटना में मारे गए क्रू सदस्यों को “अमेरिकी हीरो” बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, “बुरी घटनाएं हो सकती हैं। युद्ध बेहद कठोर और अराजक होता है।” फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Next Post

ओटीपी समस्या से गैस एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

Fri Mar 13 , 2026
सिंगरौली। जिले में इन दिनों गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। गैस सिलेंडर बुकिंग के दौरान मोबाइल पर ओटीपी नहीं आने की समस्या के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग पूरी नहीं होने के कारण लोग […]

You May Like