न्यूयॉर्क, 19 जुलाई (वार्ता) अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने कहा है कि यदि इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने के लिए उनके शहर आते हैं, तो उनकी गिरफ्तारी के संबंध में शहर प्रशासन अपने कानूनी अधिकारों की समीक्षा कर रहा है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, श्री ममदानी ने उसके पॉडकास्ट द इंटरव्यू में कहा, “मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू का स्थान हेग में है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने उन पर युद्ध अपराधों के आरोप लगाए हैं।” उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क सिटी के विधि विभाग के साथ इस बात पर विचार-विमर्श चल रहा है कि क्या मेयर के पास न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) को किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख को हिरासत में लेने का निर्देश देने का कानूनी अधिकार है। श्री ममदानी ने कहा, “कानून मुझे न्यूयॉर्क शहर में जो भी अधिकार देता है, हम उसी के अनुरूप कार्रवाई करेंगे। हम इसके लिए अपने स्तर पर नया कानून नहीं बनाएंगे।” मेयर चुनाव अभियान के दौरान भी श्री ममदानी ने कहा था कि यदि नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं तो वह आईसीसी के गिरफ्तारी वारंट को लागू कराने का प्रयास करेंगे।
वहीं, श्री नेतन्याहू ने हाल ही में एक रेडियो साक्षात्कार में इस संभावना को खारिज करते हुए श्री ममदानी पर हमास का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ममदानी को यह देखना चाहिए कि वह किसकी निंदा और किसकी प्रशंसा कर रहे हैं। उनके अनुसार, इज़रायल एक ऐसा लोकतांत्रिक देश है जो अमेरिकी मूल्यों के साथ खड़ा है। श्री ममदानी ने गाज़ा में इज़रायल के सैन्य अभियान की लगातार आलोचना की है, हालांकि उन्होंने सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इज़रायल पर किये गये हमले की भी निंदा की है। साक्षात्कार में उन्होंने गाज़ा को लेकर अमेरिकी नीति की भी आलोचना करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर अमेरिका की नीति पूरी तरह विफल रही है। इसके अलावा उन्होंने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक सांसद अलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्तेज़ की संभावित उम्मीदवारी का समर्थन किया, न्यूयॉर्क पुलिस आयुक्त जेसिका टिश के नेतृत्व का बचाव किया, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आव्रजन नीतियों की आलोचना की तथा कहा कि बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत न्यूयॉर्कवासियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।

