यूपी टी20 लीग का 14 अगस्त को लखनऊ में होगा आगाज, फाइनल छह सितंबर को कानपुर में

लखनऊ, 16 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की प्रतिष्ठित यूपी टी20 लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से शुरू होगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में काशी रुद्राक्ष और मौजूदा चैंपियन मेरठ मेवरिक्स के बीच खेला जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला छह सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा। इस बार लीग में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल-हेडर और आठ सिंगल-हेडर मैच शामिल हैं। पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन दो शहरों लखनऊ और कानपुर में किया जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले चरण में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 13 दिनों के दौरान 22 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में स्थानांतरित होगा, जहां शेष 12 मुकाबलों के साथ नॉकआउट चरण और फाइनल का आयोजन किया जाएगा। नॉकआउट चरण के तहत तीन सितंबर को क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर, चार सितंबर को क्वालिफायर-2 तथा छह सितंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में 15 अगस्त को नोएडा किंग्स का सामना कानपुर सुपरस्टार्स से होगा, जबकि दूसरे मैच में लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस आमने-सामने होंगे। 16 अगस्त को काशी रुद्राक्ष की भिड़ंत कानपुर सुपरस्टार्स से और मेरठ मेवरिक्स का मुकाबला गौर गोरखपुर लायंस से होगा। 17 अगस्त को नोएडा किंग्स और लखनऊ फाल्कन्स आमने-सामने होंगे, जबकि 18 अगस्त को काशी रुद्राक्ष और गौर गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। 19 अगस्त को लखनऊ फाल्कन्स का सामना मेरठ मेवरिक्स से होगा। 20 अगस्त के डबल-हेडर में पहले मैच में गौर गोरखपुर लायंस और नोएडा किंग्स, जबकि दूसरे मैच में कानपुर सुपरस्टार्स और काशी रुद्राक्ष आमने-सामने होंगे। 21 अगस्त को मेरठ मेवरिक्स का मुकाबला नोएडा किंग्स से तथा दूसरे मैच में लखनऊ फाल्कन्स और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच टक्कर होगी। इसके बाद एक अन्य डबल-हेडर में काशी रुद्राक्ष और गौर गोरखपुर लायंस तथा मेरठ मेवरिक्स और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। कानपुर चरण की शुरुआत 28 अगस्त को काशी रुद्राक्ष और नोएडा किंग्स के मुकाबले से होगी। यूपीसीए को उम्मीद है कि इस बार भी प्रदेश के कई प्रमुख घरेलू क्रिकेटर लीग में हिस्सा लेंगे। दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियमों में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता क्रिकेट प्रेमियों के लिए पहले से अधिक रोमांचक और प्रतिस्पर्धी साबित होने की उम्मीद है।

Next Post

अमेरिका ने ईरान के बुनियादी ढांचों पर हमला किया, तो क्षेत्र का पूरा बुनियादी ढांचा खत्म कर दिया जाएगा: ईरान

Thu Jul 16 , 2026
वाशिंगटन/तेहरान, 16 जुलाई (वार्ता) ईरान ने गुरुवार तड़के बहरीन, जॉर्डन और कुवैत जैसे खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर कई मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। ईरान के केंद्रीय सैन्य कमान ‘खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ ने चेतावनी दी है कि उसके ये हमले आने वाले समय में […]

You May Like