निगाही में अंतर सदनीय एकल गीत प्रतियोगिता का आयोजन

सिंगरौली: निगाही में अंतर सदनीय एकल गीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। डीपीएस के प्राचार्य सुखवंत सिंह थापर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा को निखारना और उन्हें मंच प्रदान करना है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, अभिव्यक्ति क्षमता के साथ-साथ सुर, ताल और भावों की समझ विकसित होती है। यह प्रतियोगिता बच्चों को नियमित अभ्यास, एकाग्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुभव कराती है तथा भारतीय संगीत संस्कृति से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. एन.पी. मिश्र द्वारा प्रतियोगिता का परिचय एवं नियमों की जानकारी के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थी परिषद की कनिष्ठ वर्ग की स्वच्छता प्रभारी विधि पाठक ने स्वागत भाषण दिया। मंच संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ वर्ग की प्रधान छात्रा रागिनी साहू, उप-प्रधान छात्रा आस्था तिवारी तथा सांस्कृतिक सचिव निशा मिश्रा ने निभाई। प्रतियोगिता में समूह ‘ए’ (कक्षा 2 से 3) और समूह ‘बी’ (कक्षा 4 से 5) के विद्यार्थियों ने सुगम एवं शास्त्रीय गायन में भाग लिया। बच्चों ने भजनों, गीतों और विभिन्न रागों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभागार को संगीतमय कर दिया।
निर्णायक मंडल में प्राचार्य श्री थापर, प्रियंका राज, सुमन राय एवं नवेंदु नाथ तिवारी शामिल रहे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए नियमित रियाज, श्वास-प्रश्वास नियंत्रण और स्पष्ट उच्चारण पर ध्यान देने की सलाह दी। निर्णायकों ने स्वयं भी गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को आनंदित किया।प्राचार्य श्री थापर ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और संवेदनशीलता का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मंच भय दूर कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अंत में प्रधान छात्रा रागिनी साहू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
विजेताओं की घोषणा करते हुए डॉ. एन.पी. मिश्र ने बताया कि समूह ‘ए’ के सुगम गायन में ऋषित श्रीवास्तव, अमायरा शाह, अनिका कुशवाहा, गरिमा सिंह एवं अर्नव चौरसिया ने श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किए, जबकि शास्त्रीय गायन में सान्वी सिंह प्रथम रहीं। समूह ‘बी’ के सुगम गायन में अपराजिता मिश्रा, आरव कुमार शाह, स्मरण सिंह एवं आर्यव तिवारी विजेता रहे, वहीं शास्त्रीय गायन में सान्वी वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। झेलम सदन चार पुरस्कारों के साथ अव्वल रहा। प्राचार्य द्वारा विजेता प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Next Post

बरोदिया में निर्माणाधीन खेत सड़क के किनारों पर बनी गहरी खाइयां, आवागमन में बढ़ी सावधानी

Sun Jan 18 , 2026
अशोकनगर: जनपद पंचायत अशोकनगर की ग्राम पंचायत बरोदिया में निर्माणाधीन खेत सड़क इन दिनों ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सड़क पर आवागमन करने वाले लोग एक-दूसरे को सतर्क रहने की सलाह देते नजर आते हैं। सड़क का अवलोकन करने पर इसके दोनों ओर गहरी खाइयां दिखाई […]

You May Like