11,446 करोड़ के बैंक घोटाले में इंदौर की संपत्तियों पर ईडी का शिकंजा

इंदौर. देश के बहुचर्चित 11,446.73 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूषण स्टील लिमिटेड के पूर्व प्रमोटर नीरज सिंघल की पत्नी ऋतु सिंघल के नाम दर्ज 58.34 करोड़ रुपये की चल अचल संपत्तियां कुर्क कर दी हैं.

 

धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई इस कार्रवाई में इंदौर स्थित जमीन, आवासीय संपत्ति का एक हिस्सा, बैंक खातों में जमा राशि और इक्विटी शेयर शामिल हैं.

ईडी की जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (एसएफआईओ) द्वारा भूषण स्टील लिमिटेड, नीरज सिंघल और अन्य के खिलाफ दर्ज आपराधिक शिकायत के आधार पर शुरू हुई थी. जांच में सामने आया कि कंपनी से जुड़े कुछ लोगों ने वैध व्यावसायिक लेनदेन की आड़ में धन का दुरुपयोग किया, जिससे बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को 11,446.73 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचा.

जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार भूषण स्टील के संयंत्रों के लिए खरीदे गए जिंक इनगट्स को कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज किए बिना खुले बाजार में बेच दिया. इससे प्राप्त नकदी को बाद में कथित तौर पर फर्जी लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (एलटीसीजी) की एंट्री के जरिए वैध दिखाने की कोशिश की गई. जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों में बड़ी मात्रा में बेहिसाबी नकदी जमा होने के साक्ष्य भी मिले, जिन्हें ईडी ने अपने प्रकरण में महत्वपूर्ण आधार बनाया है. ईडी सूत्रों ने बताया कि इस मामले में यह लगातार तीसरी बड़ी कुर्की की कार्रवाई है. इससे पहले नवंबर 2021 में 61.38 करोड़ रुपए और मार्च 2024 में 367 करोड़ रुपए की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की जा चुकी हैं. ताजा कार्रवाई के बाद इस प्रकरण में कुर्क की गई संपत्तियों का दायरा और बढ़ गया है. मामले में नीरज सिंघल, ऋतु सिंघल और अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष पीएमएलए न्यायालय में अभियोजन शिकायत और पूरक अभियोजन शिकायत पहले ही पेश की जा चुकी है. न्यायालय इन दोनों शिकायतों पर संज्ञान ले चुका है और प्रकरण न्यायिक प्रक्रिया में विचाराधीन है.

Next Post

गर्भवती महिलाओं की प्रत्येक 3 माह में चिकित्सा अधिकारी से ही जांच करवाई जाएं - कलेक्टर श्रीमती गर्ग 

Thu Jul 2 , 2026
मंदसौर। जिला पोषण एवं जिला स्वास्थ्य समिति की संयुक्त बैठक आज गुरूवार को कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक के दौरान कलेक्‍टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिये कि गर्भवती महिलाओं की प्रत्येक 3 माह में चिकित्सा अधिकारी से ही जांच करवाई जाएं, […]

You May Like