
सिंगरौली । नगर पालिका निगम क्षेत्र में सीवरेज परियोजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित संविदाकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत में मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि गड्ढों की भराई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है, जिससे सड़के पहले की अपेक्षा अधिक ऊबड़-खाबड़ हो गई हैं। वार्डवासियों का कहना है कि सीवरेज लाइन बिछाने के दौरान पीसीसी सड़कों को तोड़ते समय उनमें लगी सरिया भी काट दी गई थी, लेकिन पुनर्निर्माण के दौरान उसी गुणवत्ता से सड़क तैयार नहीं की जा रही। आरोप है कि ठेकेदार केवल सीमेंट और गिट्टी डालकर गड्ढे भर रहा है, जबकि सड़क की मूल संरचना और मजबूती को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे कुछ ही समय में सड़के फिर क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। देवरा तिराहा से विश्वकर्मा मोहल्ला मार्ग, गनियारी तथा देवरा मार्ग सहित कई स्थानों पर बनी सड़के इसकी बानगी बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मार्गों पर चलते ही मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सड़के समतल होने के बजाय ऊबड़-खाबड़ हो गई हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
