
इटारसी। मुंबई से वाराणसी जा रही महानगरी एक्सप्रेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ट्रेन की इंजन से दूसरी जनरल बोगी के शौचालय में दीवार पर इस ट्रेन में बम है लिखा मिला। इस सनसनीखेज सूचना के बाद ट्रेन को तत्काल इटारसी स्टेशन पर रोक लिया गया। जीआरपी, आरपीएफ और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पूरी ट्रेन की सघन जांच शुरू की।
सूचना मिलते ही इटारसी पहुंचने से पहले ही मनमाड़, भुसावल और खंडवा स्टेशनों पर भी ट्रेन की सुरक्षा जांच की गई थी। इटारसी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हर बोगी की गहन तलाशी ली गई ताकि किसी भी आशंका को खत्म किया जा सके।
जांच के दौरान ट्रेन की बी-1 एसी बोगी में एक लाल रंग का लावारिस सूटकेस मिला, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। जब सुरक्षा दल ने सूटकेस की जांच की, तो उसमें कपड़े, भगवत गीता और अन्य सामान्य वस्तुएं मिलीं। बाद में पता चला कि यह किसी यात्री का छूटा हुआ बैग था और संबंधित यात्री से संपर्क हो गया है।
सुरक्षा जांच पूरी होने और किसी भी संदिग्ध वस्तु के न मिलने के बाद ट्रेन को लगभग 8 मिनट की देरी से रवाना किया गया। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने बोगी की दीवार पर बम की धमकी लिखकर दहशत फैलाने की कोशिश की।
