क्रोमा ने क्यूडीजी को अपना एकमात्र अधिकृत सर्विस पार्टनर नियुक्त किया

मुंबई, 13 जुलाई (वार्ता) टाटा समूह की टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद रिटेल कंपनी क्रोमा ने अपने खुद के उत्पादों के लिए डिवाइस केयर कंपनी ऑनसाइटगो की सहायक कंपनी क्यूडीजी को देश भर में सर्विसिंग का एकाधिकार देने की घोषणा की है। क्रोमा ने मंगलवार को बताया कि उसने क्यूडीजी को अपना एकमात्र अधिकृत सर्विस पार्टनर नियुक्त किया है। साझेदारी के तहत क्रोमा के अपने उत्पादों के लिए उत्पाद इंस्टॉलेशन, मरम्मत, रखरखाव और स्पेयर पार्ट्स के आद्यांत प्रबंधन की जिम्मेदारी क्यूडिजी संभालेगी।

क्रोमा की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मजबूत तकनीकी व्यवस्था और देशव्यापी सर्विस नेटवर्क के साथ यह साझेदारी लाखों क्रोमा ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से की गयी है। इसके तहत एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टेलीविजन और छोटे घरेलू उपकरणों सहित विभिन्न श्रेणियों के उत्पादों के लिए सेवा उपलब्ध करायी जायेगी। क्यूडीजी पिछले छह महीने से क्रोमा उत्पादों की सर्विसिंग की जिम्मेदारी संभाल रही थी। इस दौरान तकनीकी प्रणालियों का एकीकरण जारी था। अब उसे एकाधिकार प्रदान कर दिया गया है। क्यूडीजी के देश भर में 550 से अधिक सर्विस सेंटर हैं। क्रोमा के सीआरएम प्लेटफॉर्म और ऑनसाइटगो की स्वामित्व वाली तकनीकी प्रणालियों के एकीकरण से सेवा अनुरोधों का स्मार्ट आवंटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग और पूरी सेवा प्रक्रिया पर पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित होगी।

क्रोमा की प्रवर्तक कंपनी इन्फिनिटी रिटेल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक शिबाशीष रॉय ने कहा, “ग्राहकों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता केवल उत्पाद की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे अनुभव तक फैली हुई है। जैसे-जैसे हमारे खुद के उत्पादों का पोर्टफोलियो बढ़ रहा है, मजबूत सर्विस पारितंत्र में निवेश करना हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्यूडिजी के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।” ऑनसाइटगो के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुणाल महिपाल ने कहा, “ऑनसाइटगो में हमारा मानना है कि बिक्री बाद सेवा ग्राहकों का भरोसा जीतने और ब्रांड के प्रति उनकी निष्ठा मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण आधार है। हमें क्रोमा के साथ मिलकर उसके घरेलू उपकरणों के लिए देश के सबसे उन्नत और ग्राहक-केंद्रित सेवा पारितंत्र में से एक को विकसित करते हुए बेहद खुशी हो रही है।”

.....

Next Post

विकास के नाम पर विनाश का मॉडल अपना रही सरकार: सिंघार

Tue Jul 14 , 2026
बिजावर। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मंगलवार को छतरपुर जिले के बिजावर पहुंचे, जहां उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित किसानों, दलितों और आदिवासी परिवारों से मुलाकात कर कांग्रेस की ओर से उनके आंदोलन को समर्थन दिया। पिछले 11 दिनों से बराना नदी में जल सत्याग्रह कर रहे […]

You May Like