
भोपाल। देवास जिले के टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री में 14 मई को हुए भीषण विस्फोट और अग्निकांड की न्यायिक जांच के लिए राज्य शासन ने एकल सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया है। राज्य शासन ने उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त जज सुभाष काकड़े को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग हादसे के कारणों, लापरवाही और सुरक्षा मानकों के पालन सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच करेगा। आयोग यह पता लगाएगा कि विस्फोट और आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी तथा घटना में किसी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी या प्रबंधन स्तर की लापरवाही हुई या नहीं।
जांच के दौरान फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण और उपयोग से जुड़े सुरक्षा मानकों, लाइसेंस की शर्तों तथा विस्फोटक अधिनियम, फैक्ट्री अधिनियम और श्रम सुरक्षा नियमों के पालन की स्थिति का भी परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा हादसे के दौरान और बाद में अग्निशमन, बचाव कार्य, चिकित्सा सहायता एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता की भी समीक्षा होगी।
आयोग को भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपायों, निरीक्षण व्यवस्था और नियामक तंत्र में सुधार संबंधी सुझाव देने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। अधिसूचना के अनुसार आयोग को राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से एक माह के भीतर अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट राज्य शासन को सौंपनी होगी।
