
बैरसिया। वन परिक्षेत्र बैरसिया अंतर्गत रतुआ बीट क्षेत्र के बड़कुआ जंगल में शुक्रवार को अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश इको-पर्यटन विकास बोर्ड एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “मैं भी बाघ, हम हैं बदलाव की ओर” थीम पर आधारित रहा। कार्यक्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गुनगा के 120 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि जागरूकता सत्र के दौरान सेवानिवृत्त उपवनमंडलाधिकारी एवं शासकीय प्रेरक सुदेश वाघमारे ने विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण कराया। उन्होंने पेड़-पौधों की पहचान, उनके औषधीय उपयोग तथा पर्यावरण में उनके महत्व की जानकारी दी। साथ ही खाद्य श्रृंखला, जल संरक्षण, दीमक की बांबी, वन्यजीवों एवं वन प्राणियों की विभिन्न प्रजातियों के बीच अंतर को समझाया। नदी-नालों में जल प्रवाह और भू-जल संरक्षण पर भी प्रकाश डाला गया।
उपवनमंडलाधिकारी धीरज सिंह चौहान ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में सभी ने सहभोज का आनंद लिया। इस अवसर पर डिप्टी रेंजर, वनपाल एवं वन विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
