इंदौर: पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड पर संदिग्ध हालत में खड़े ई-रिक्शा चालक की तलाशी में क्राइम ब्रांच ने 18.89 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. इसकी कीमत करीब 1.80 लाख रुपए बताई है. पुलिस ने छत्रीपुरा निवासी राहुल सौदागर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. आरोपी पर पहले से नशे और आबकारी से जुड़े सात मामले दर्ज हैं.क्राइम ब्रांच की टीम सोमवार को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में अरविंदो लवकुश चौराहे के पास पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड पर पहुंची थी. यहां सड़क किनारे सुनसान जगह पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया.
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका और पूछताछ की. उसने अपना नाम राहुल सौदागर बताया. तलाशी लेने पर उसकी जींस की दाहिनी जेब से 18.89 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर राहुल को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह ब्राउन शुगर कहां से लेकर आया था और इसे शहर में किसे सप्लाई करने वाला था. क्राइम ब्रांच आरोपी से नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बार-बार नशीले पदार्थों के मामलों में पकड़े जाने के बावजूद वह दोबारा इस कारोबार में कैसे सक्रिय हुआ और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं. मामले में क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने नव भारत को बताया की आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है. आरोपी से नशीले पदार्थ की सप्लाई और उससे जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं सात मामले
ई-रिक्शा चालक राहुल सौदागर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 के बीच छत्रीपुरा, क्राइम ब्रांच और छोटी ग्वालटोली थाने में आबकारी व एनडीपीएस एक्ट के तहत सात प्रकरण दर्ज हैं. इनमें ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों से जुड़े मामले भी शामिल हैं. इसके बावजूद वह दोबारा नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा.
