नगर में पहली बार निकली 80 दूल्हों की भव्य पैदल बारात 

आष्टा। नगर में सोमवार को आयोजित सत्यजा सेवा संस्था के 80 कन्याओं के सामूहिक विवाह सम्मेलन ने एक नया इतिहास रच दिया. मानस भवन में आयोजित इस विशाल आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पहली बार 80 दूल्हों को बिना घोड़े, बग्गी, डीजे वाहन या अन्य किसी सवारी के पैदल ही शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस के रूप में निकाला गया. इस अनूठी पहल को देखने के लिए मार्गों पर बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.

संस्था अध्यक्ष संजीव सोनी पांचम के नेतृत्व में निकली यह शोभायात्रा प्रात: 8.30 बजे मानस भवन से प्रारंभ हुई. जुलूस गल चौराहा, मां राजराजेश्वरी मंदिर, गांधी चौक, सिकंदर बाजार, शीतला माता मंदिर मार्ग, ब्लैक भवन रोड, बुधवारा और पुन: गल चौराहा होते हुए मानस भवन पहुंचा। जुलूस में सभी 80 दूल्हे पारंपरिक परिधान में शामिल हुए, जबकि समिति के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उनके साथ पैदल चलते रहे।

शहर में यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. आमतौर पर विवाह समारोहों में घोड़ी, बग्गी, और वाहनों का उपयोग देखने को मिलता है, लेकिन इस आयोजन में सादगी, सामाजिक समरसता और अनावश्यक खर्चों से बचने का संदेश दिया गया. यही कारण रहा कि पैदल निकली दूल्हों की यह बारात नगर में चर्चा का विषय बन गई. शोभायात्रा के पश्चात मानस भवन परिसर में वैदिक आचार्यों द्वारा गायत्री मंत्र एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी 80 जोड़ों का विवाह संस्कार संपन्न कराया गया. सात फेरों और वैदिक विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न होने पर उपस्थित जनसमुदाय ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया. उल्लेखनीय है कि आयोजकों द्वारा पूर्व में 2 जून से 8 जून तक धार्मिक कथा आयोजन की भी तैयारी की गई थी, जिसमें बागेश्वर धाम सहित अन्य संतों के आगमन की संभावना थी. लेकिन लगातार मौसम खराब रहने, तेज हवा, आंधी और बारिश की आशंका के चलते प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने से कथा कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा. इसके बावजूद संस्था ने विवाह सम्मेलन को निर्धारित तिथि पर सफलतापूर्वक आयोजित किया. सत्यजा सेवा संस्था द्वारा आयोजित यह निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक सहयोग, सादगीपूर्ण विवाह और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नगरवासियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया. जिसकी जमकर सराहना की गई.

Next Post

फरार आरोपी को क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार, अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री में करता था काम

Mon Jun 8 , 2026
भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने ग्राम रामगढ़ जिला टीकमगढ़ में संचालित अवैध आर्म्स फैक्ट्री के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगभग एक वर्ष से फरार चल रहा था. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपए इनाम की घोषणा की गई थी. आरोपी पूर्व […]

You May Like